
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएम ने जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बढ़ते अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाने को कहा। एनएचएआई अधिकारियों को एसडीएम और सीओ के साथ समन्वय कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में ब्लैक स्पॉट, सड़क मरम्मत, साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग की भी समीक्षा हुई।स्कूली और सार्वजनिक वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस, परमिट व दस्तावेजों के सत्यापन के साथ 15 वर्ष से पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। डीएम ने शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर प्रभावी चालान कार्रवाई के निर्देश दिए।सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई, टोल प्लाजा पर क्रेन, गैस कटर और एंबुलेंस की उपलब्धता तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। बैठक में सीडीओ पूजा साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।