
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। बुंदेलखंड को सूखा और जल संकट से मुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर पार किया है। जिले के बड़ोखर ब्लाक के किसानों की दशकों पुरानी सिंचाई की समस्या को दूर करने के लिए शुरू की गई 44.53 करोड़ रुपये की रामजानकी पंप नहर परियोजना का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष प्राथमिकताओं में शामिल इस परियोजना ने विकास की रफ्तार का नया रिकॉर्ड कायम किया है। जहां पूर्ववर्ती सरकारों में ऐसी बड़ी योजनाएं दशकों तक फाइलों और प्रशासनिक कछुआ चाल में दबी रहती थीं वहीं योगी सरकार की कड़ी निगरानी और प्रतिबद्धता के कारण इस मिशन का 95 फीसदी काम रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया गया है। इस दूरदर्शी परियोजना की शुरुआत 20 सितंबर 2023 को हुई थी। जल शक्ति विभाग को इसे पूरा करने के लिए नवंबर 2026 तक की समय-सीमा दी गई थी। लेकिन अधिकारियों की तत्परता और सरकार के सख्त रुख के चलते यह काम अपनी तय डेडलाइन से महीनों पहले सिमटने की कगार पर है। यह आधुनिक पंप नहर 20 क्यूसेक की विशाल जल क्षमता से लैस है। इसके पूरी तरह चालू होते ही बड़ोखर ब्लाक के हजारों किसानों के खेतों तक सीधे पानी पहुंचेगा। जिससे सालों से चली आ रही सिंचाई की किल्लत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।