
कांग्रेस ने शुरू किया पोस्टर वार
सपा ने सरकार को निशाने पर लिया
संजीव भारती
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर में बड़ी चोरी की घटना अब राजनीतिक गलियारों के साथ गांव जंवार और चट्टी चौराहों पर भी चर्चा में है। भगवान के घर में चोरी होने के बाद योगी सरकार की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल हमलावर हैं। कांग्रेस ने अयोध्या में पोस्टरवार शुरू किया है। सोमवार को सुल्तानपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आई अपना दल -एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने भी विनय कटियार की भाषा में सवाल उठाए हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चोरी की घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि पुलिस यदि चोरों को नहीं पकड़ पाती तो हम मदद करने को तैयार हैं।सोमवार को राजधानी से लेकर गांव जंवार तक राम मंदिर में हुई बड़ी चोरी को लेकर पुलिस की अब तक की कार्रवाई और विभिन्न दलों के नेताओं के बयान को लेकर चर्चा करते देखे गए। सोशल मीडिया पर लोग कमेंट भी कर रहे हैं।सपा के समर्थक अखिलेश यादव के बयान को आगे बढ़ाते हुए सरकार को निशाने पर ले रहे हैं।राम मंदिर के दान पात्र से कथित पैसे की चोरी के मामले को लेकर अयोध्या में अब पोस्टर वार शुरू हो गया है। शहर के पुष्पराज चौराहे पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला की ओर से पोस्टर लगवाए गए हैं।पोस्टर में स्कंद पुराण के एक दोहे का उल्लेख करते हुए यह संदेश दिया गया है कि मंदिर को दी गई भूमि, संपत्ति या दान के धन को चुराने अथवा हड़पने वाला व्यक्ति धर्मशास्त्रों के अनुसार गंभीर पाप का भागीदार होता है।राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। इससे पहले समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को उठा चुकी है और अब कांग्रेस भी खुलकर मैदान में उतर आई है। पोस्टरों के जरिए इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक और धार्मिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है।फिलहाल दान पात्र से जुड़े मामले की जांच जारी है और इस बीच अयोध्या में शुरू हुआ यह पोस्टर वार राजनीतिक चर्चा का नया विषय बन गया है।राम मंदिर में हुई बड़ी चोरी की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के साथ मंदिर निर्माण ट्रस्ट को भी निशाने पर लिया है। सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रेसवार्ता करके योगी सरकार को घेरा है।
बसपा की कोई प्रतिक्रिया नहीं
राम मंदिर में बड़ी चोरी की घटना को लेकर बहुजन समाज पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। एक बड़े बसपा नेता ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है,यह बात हम लोग दो साल से लगातार कह रहे हैं। माननीया बहन जी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को कई बार सचेत कर चुकी हैं। अयोध्या में राम मंदिर के सम्बन्ध में कोर्ट का फैसला बसपा की सरकार के समय आया था, एक छोटी सी भी घटना नहीं हुई। योगी सरकार में रोज चोरी, दुष्कर्म और लूट की घटनाएं हो रही हैं।चोर भगवान के मंदिर से भी चोरी करके निकल गये।भारी भरकम सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस फेल रही ऐसा क्यों हुआ, मुख्यमंत्री जी के विचार का विषय है।