news-details

राम मंदिर आस्था का प्रतीक, जांच में सच सामने आएगा : साध्वी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति शनिवार को जवाहर नगर स्थित अंध विद्यालय पहुंचीं। कार्यक्रम में उनका स्वागत विद्यालय के बच्चों ने गीत प्रस्तुत कर किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर कहा कि मामले की जांच चल रही है और सत्य जल्द सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं तथा न्यायालय ने भी मामले का संज्ञान लिया है। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वालों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म और उसकी आस्था पर अनावश्यक टिप्पणी करना उचित नहीं है।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में राम मंदिर आंदोलन के दिनों को याद करते हुए कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, त्याग और लंबे संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1984 में शुरू हुए आंदोलन से लेकर अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण तक का सफर अनेक रामभक्तों के बलिदान और समर्पण से संभव हुआ।राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर महाना ने कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। बिना जांच पूरी हुए पूरे संगठन या समाज पर आरोप लगाना उचित नहीं है।महाना ने विपक्ष के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालु दान नहीं, बल्कि अपनी आस्था समर्पित करते हैं। भगवान किसी से कुछ नहीं लेते, बल्कि सभी को देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा से किया गया समर्पण वापस मांगने का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने कुछ विपक्षी नेताओं के बयानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे बयान करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इससे जुड़े किसी भी विषय पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने साध्वी निरंजन ज्योति और विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी चर्चा हुई।


 


"राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। चढ़ावे को लेकर जो भी सवाल उठे हैं, उनकी जांच एसआईटी कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि जांच निष्पक्ष होगी और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। जिसने भी गलत किया होगा, उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी। साथ ही मैं इतना जरूर कहना चाहूंगी कि सनातन धर्म पर अनर्गल और आपत्तिजनक बयान देने वालों को अपनी टिप्पणी पर माफी मांगनी चाहिए।"-साध्वी निरंजन ज्योति