
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) सोमेश कुमार ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा कर लोको निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता और संरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का जायजा लिया। इस दौरान अमृत भारत लोको के कैब का भी निरीक्षण किया और निर्माण प्रक्रिया की तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से उत्पादन एवं तकनीकी पहलुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक में बरेका की उत्पादन गतिविधियों, लोको निर्माण, तकनीकी प्रगति, गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति की जानकारी दी। बैठक में मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर अनुराग गुप्ता, भारद्वाज चौधरी, प्रवीण कुमार, राम जन्म चौबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।