
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 5 से 7 जून तक अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे के पहले दिन 5 जून को वह लखनऊ पहुंचकर हाल ही में दिवंगत हुए कई लोगों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद वह अपर्णा यादव के आवास पहुंचकर उनके पति प्रतीक यादव के निधन पर संवेदना व्यक्त करेंगे। शाम को बायोयुग ग्रीन कमांड कार्यक्रम और राम कथा महोत्सव में भाग लेंगे। 6 जून को वह गोमतीनगर और निराला नगर में परिवारों से मुलाकात करने के बाद हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य लोगों के साथ संवाद करेंगे। दौरे के अंतिम दिन 7 जून को आलमबाग स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके इस दौरे को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।