
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और आजीविका को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना को लेकर पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, जिलाधिकारी संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।डीसी मनरेगा शेर बहादुर सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि अब ग्रामीण परिवारों को प्रतिवर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत रोजगार के साथ जल संरक्षण, वृक्षारोपण, ग्रामीण संपर्क मार्ग, कृषि एवं अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से पात्र लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक लाभ दिलाने की अपील की।जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी ने कहा कि रोजगार के दिनों में वृद्धि और मजदूरी बढ़ने से श्रमिक परिवारों को राहत मिलेगी। सम्मेलन में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता को लेकर भी चर्चा की गई।