पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के मड़ार विंदवलिया गांव में सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से राजभर जन पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलारे राजभर ने सामाजिक न्याय, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए समाज को जागरूक एवं संगठित होने का आह्वान किया।पूर्व मंत्री ने कहा कि आर्थिक, शारीरिक, बौद्धिक और राजनीतिक रूप से पिछड़े समाज को अपने अधिकार, न्याय और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सामाजिक भागीदारी की आवाज को मजबूत करने की जरूरत बताते हुए लोगों से समाजवादी विचारधारा से जुड़ने और पीडीए को मजबूत करने की अपील की।सपा जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए कार्य किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से छात्र, नौजवान, व्यापारी और कर्मचारी समेत विभिन्न वर्गों में असंतोष है।उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान जनता अब समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद की नजर से देख रही है। कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की अपील की गई।जन पंचायत में मिठाईलाल यादव, पवन दुबे, अजहर अंसारी, संजय यादव, बड़े अंसारी, राजेंद्र पाल, शेषनाथ यादव, सुभाष साहनी और फखरुद्दीन अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।