
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में सुल्तानपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से 11 से 13 सितंबर तक मुस्तकीम पीजी कॉलेज, लोलेपुर में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के 23 जनपदों से करीब 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान विद्यालय प्रबंधक मोहम्मद सलीम सेठ, प्रधानाचार्य मोहम्मद मजीद, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के सचिव हरीश पाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष जियाउल हसमत समेत विभिन्न जिलों से आए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और निर्णायक मौजूद रहे।प्रतियोगिता के समापन पर अंकों के आधार पर सुल्तानपुर 58 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रहा। आगरा ने 55 अंक हासिल कर दूसरा तथा सीतापुर ने 50 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन की सराहना की गई।सुल्तानपुर ताइक्वांडो संघ के सचिव प्रणय चंद्र शुक्ला ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी खिलाड़ियों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को आगे बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी दिसंबर माह में राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।