news-details

राजाराम पाल का पुतला फूंके जाने पर भड़के पाल-बहुजन संगठन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर देहात।   माती मुख्यालय में गुरुवार को सपा नेता एवं पूर्व सांसद राजाराम पाल का पुतला फूंके जाने के विरोध में पाल और बहुजन संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय पाल महासभा, भारतीय दलित पैंथर सहित कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने माती तिराहा-इको पार्क से विरोध मार्च निकाला और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों के अनुसार, राजाराम पाल से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के सामने आने के बाद कुछ संगठनों ने उनका पुतला जलाकर विरोध जताया था। इसके विरोध में पाल और बहुजन संगठनों ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि अकबरपुर पुल के नीचे और मैथा तहसील के पास राजाराम पाल का पुतला बनाकर आपत्तिजनक कृत्य किया गया तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर सार्वजनिक रूप से पुतला जलाया गया।संगठनों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। सड़क पर प्रदर्शनकारियों के बैठने से एंबुलेंस, स्कूली वाहनों और अन्य राहगीरों को परेशानी हुई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।