
पारदर्शी विकास न्यूज़ अतर्रा/बांदा। अतर्रा में बदौसा रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के जीर्णोद्धार और संचालन की मांग को लेकर शनिवार को बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी दी।अधिवक्ता एवं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सूरज बाजपेई के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुतियां दी गईं। आंदोलनकारियों का कहना है कि नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड का संचालन बेहद जरूरी है, लेकिन वर्षों से यह भवन उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।सूरज बाजपेई ने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण होने के बावजूद आज तक उसका समुचित संचालन नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता की इस महत्वपूर्ण मांग की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल गांधीवादी तरीके से विरोध किया जा रहा है, लेकिन यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो नगरवासियों के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।