
पारदर्शी विकास न्यूज़, लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि देशभर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत निकाली जा रही 100 से अधिक पदयात्राओं से जनता का भाजपा और एनडीए के प्रति समर्थन स्पष्ट हो गया है। बुधवार को गोरखपुर में आयोजित पदयात्रा से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से गोलघर स्थित काली मंदिर तक निकली पदयात्रा का नेतृत्व नितिन नबीन ने किया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और एनडीए के सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए। नबीन ने मतदाता सूची से नाम हटाने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हटाए गए नामों में मृतक, स्थानांतरित और सत्यापन में अमान्य पाए गए लोग शामिल हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर ईवीएम और चुनाव आयोग के मुद्दे पर सवाल उठाए। कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। योगी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने रोजगार, औद्योगिक विकास और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए प्रचंड जीत दर्ज करेगा।