
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कुर्मी परिवार समागम की ओर से भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक सैकड़ा से अधिक सदस्यों ने बर्रा बाईपास चौराहे से राष्ट्रीय एकता यात्रा निकाली। सफेद टोपी और भगवा पटका पहने, हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने डीजे की धुन पर उत्साह के साथ जय शिवाजी, जय सरदार के नारे लगाए।यात्रा का नेतृत्व कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष सचान, सरदार सेना के जिलाध्यक्ष अरविंद सचान एवं एडवोकेट राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने किया। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में अनुक्रम, अतुल सचान और योगेंद्र सचान ने सहयोग किया। यात्रा सचान चौराहे स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पहुंची, जहां उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और मिष्ठान वितरण किया।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक महेश त्रिवेदी, जय कुमार सिंह जैकी, सुरेंद्र मैथानी, पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्व महापौर रविंद्र पाटनी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।समारोह का विशेष आकर्षण 51 किलो बूंदी से तैयार केक रहा, जिसे कुर्मी परिवार समागम के सदस्यों ने सामूहिक रूप से काटकर सरदार पटेल की जयंती मनाई। आयोजन के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने छोला, पूरी, चावल और बूंदी का प्रसाद ग्रहण किया।