
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राजर्षि रणंजय सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रन फॉर यूनिटी रैली निकाली गई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि सरदार पटेल ने देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम संयोजक डॉ. उमेश सिंह ने भी राष्ट्रीय एकता और आपसी सहयोग का संदेश दिया।वहीं, रानी सुषमा देवी महिला महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. पूनम सिंह ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष दिलीप सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।इसके अलावा, राजर्षि रणंजय सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. अनूप मैती ने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। पोस्टर प्रस्तुति और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया।