
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर देहात। रनिया स्थित खानचंद्रपुर में भगवान परशुराम मंदिर परिसर में गुरुवार को शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का धार्मिक आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा कर हवन-पूजन किया गया। कार्यक्रम में जनकल्याण और क्षेत्रवासियों के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की गई। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने हवन-पूजन में भाग लेकर अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। उनके पति, पूर्व सांसद एवं मंदिर के मठाधीश अनिल शुक्ला वारसी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें सनातन धर्म और संस्कृति को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही हैं।जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव परिवार की पूजा-अर्चना की। डीएम ने मंदिर परिसर स्थित गुरुकुल के बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें दुलार किया। आयोजन में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी रही। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले धार्मिक आयोजन में जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि आयोजन धार्मिक कार्यक्रम के रूप में किया गया। पूजा से पहले राज्यमंत्री काफिले के साथ मंदिर पहुंचीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।