
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया।जिलाधिकारी बृजेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारम्भिक) परीक्षा के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा शासन द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे परीक्षा सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न हो सके। इस अवसर पर सेक्टर/ स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।