पनियहवा घाट पर स्वच्छता अभियान
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान के तहत जिला गंगा समिति, कुशीनगर (नमामि गंगे) और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पनियहवा घाट पर नारायणी नदी के तट पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों ने स्वच्छता की शपथ लेकर नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से नदी संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। वन क्षेत्राधिकारी अमित तिवारी ने कहा कि नदियों और उनके तटवर्ती क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से नदी में कूड़ा-कचरा नहीं डालने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) की डीपीओ नम्रता भट्ट ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और नदियों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही नारायणी नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का लक्ष्य पूरा हो सकता है।कार्यक्रम में वन रक्षक बालकृष्ण कुशवाहा, चंद्र प्रकाश सिंह, वन दरोगा रमेश गुप्ता, सदानंद यादव, शुभम, महंत श्रीकांत त्यागी जी महाराज सहित वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने नदी संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।