
निकाह से पहले खुला राज
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूसरी शादी करने जा रहे युवक के निकाह समारोह में उसकी पहली पत्नी पहुंच गई। महिला ने दावा किया कि उसका अभी तक पति से तलाक नहीं हुआ है, इसके बावजूद वह दूसरा निकाह कर रहा था। हंगामे के बाद निकाह रोक दिया गया और सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी ले गई।जानकारी के अनुसार, जूही लाल कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय आशिफ का वर्ष 2022 में चमनगंज निवासी 26 वर्षीय युवती से प्रेम विवाह हुआ था। महिला का कहना है कि दोनों की मुलाकात वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। बाद में परिवारों की सहमति से दोनों का निकाह संपन्न हुआ। घर छोटा होने के कारण उसकी विदाई बाद में हुई और जनवरी 2024 में वह ससुराल पहुंची।महिला का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के कुछ ही समय बाद पति और ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकालने की धमकी दी गई। उत्पीड़न से परेशान होकर वह अप्रैल 2024 में मायके लौट आई। जून 2025 में उसने चमनगंज थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया, जिसकी सुनवाई फिलहाल न्यायालय में चल रही है।महिला ने बताया कि कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद उसका पति लगातार उसके संपर्क में था और व्हाट्सएप पर बातचीत करता था। इसलिए उसे दूसरी शादी की कोई जानकारी नहीं थी। शुक्रवार रात उसे पति के एक पड़ोसी से दूसरी शादी की सूचना मिली। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ श्यामनगर स्थित मैरिज लॉन पहुंची और निकाह का विरोध किया।महिला के पहुंचते ही विवाह समारोह में हंगामा मच गया और करीब एक घंटे तक निकाह की प्रक्रिया रुकी रही। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, दूसरी दुल्हन आजमगढ़ की रहने वाली है और यह अरेंज मैरिज थी।चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।-चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र