
pardarshi vikas news kanpur
गैस सिलिंडर वितरण में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकराबटगंज (खलासी लाइन) स्थित पुष्पा गैस एजेंसी का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की संस्तुति पर की गई।एजेंसी के निलंबन से करीब 6 हजार उपभोक्ताओं के सामने गैस आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल इन उपभोक्ताओं को भवानी और सिंह गैस एजेंसियों में शिफ्ट किया गया है, लेकिन कई लोगों को अब भी गैस मिलने में परेशानी हो रही है।उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया था कि एजेंसी पर पुरानी बुकिंग को नजरअंदाज कर नई बुकिंग वालों को सिलिंडर दिए जा रहे थे। साथ ही कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई थीं।मामले की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने एजेंसी पर छापा मारा। जांच के दौरान कर्मचारी गैस स्टॉक, आवंटन और वितरण से जुड़े आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा मैनावती मार्ग स्थित गोदाम भी बंद मिला, जिससे अनियमितताओं की पुष्टि हुई।जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गंभीर अनियमितताओं के चलते एजेंसी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।रविवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलिंडर और पर्ची के लिए एजेंसी पहुंचे, जहां उन्हें जानकारी मिली कि अब उनकी सेवाएं दूसरी एजेंसियों में स्थानांतरित कर दी गई हैं। हालांकि कई उपभोक्ताओं का कहना है कि नई एजेंसियों में उनका नाम अभी ट्रांसफर नहीं हुआ है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।