
पारदर्शी विकास , महोबा। आगामी ईद उल अजुहा बकरीद के त्यौहार के दृष्टिगत जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमे जनपद के धार्मिक गुरुओं, प्रबुद्धजनों एवं संभ्रान्त नागरिकों से सीधा संवाद कर आगामी त्यौहारों पर आपसी सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग का आह्वान किया गया। आगामी बकरीद के त्यौहार को परंपरागत रूप से मनाये जाने के संबंध में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शांति- सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस त्यौहार में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईदगाहों, मस्जिदों में नमाज अदा की जाती है तथा परंपरागत रूप से निश्चित स्थलों पर कुर्बानी दी जाती है। उन्होंने कहा इस दौरान संबंधित अधिशासी अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मस्जिद, नमाज स्थलों के आसपास विशेष सफाई कराकर चूने का छिड़काव करना सुनिश्चित करेंगे, जलापूर्ति की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। कुर्बानी के पश्चात अवशेष को उचित स्थान पर पर्याप्त संख्या में गहरा गड्डा खुदवाकर उसमें ब्लीचिंग, नमक तथा चुना डालकर समुचित तरीके से ढकवा कर निस्तारण कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रो में यह सुनिश्चित करेंगे कि कुर्बानी पूर्व से निर्धारित परंपरागत स्थलों पर ही की जाए, किसी भी दशा में खुले में कोई कुर्बानी नहीं की जाएगी। उक्त त्यौहार पर कोई नई परंपरा कायम नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश देते हुए कहा कि त्यौहार के समय विद्युत आपूर्ति निर्वाध संचालित रहे। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा की जहाँ पर भी जितने टैंकर पानी की आवश्यकता हो वहां कान्टेक्ट करके समय से टैंकर भेजना सुनिश्चित करें तथा मस्जिदों के पास किसी भी प्रकार के जानवरों का मूवमेंट ना हो।उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल निगम शहरी एवं ग्रामीण से पेयजल आपूर्ती के सम्बन्ध में जानकारी ली और निर्देशित करते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति से सम्बंधित कोई समस्या नहीं आनी चाहिए।