
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में प्रचंड गर्मी, तेज धूप और हीटवेव के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शनिवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने हालात और गंभीर बना दिए। शुक्रवार को प्रयागराज प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा और यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भी शामिल हो गया। दिनभर चलती गर्म हवाओं और तेज धूप से लोग बेहाल नजर आए, वहीं बिजली कटौती और बढ़े हुए लोड के कारण ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है।भीषण गर्मी और उमस के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते दिखे। स्कूल और कोचिंग जाने वाले छात्र भी तेज धूप से परेशान रहे। इसी बीच नगर निगम द्वारा प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कर राहत देने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने हीटवेव अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।