
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अपना घर पाने का सपना देख रहे प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें मकान का कब्जा लेने के लिए पूरी रकम जमा करने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने फैसला किया है कि आवंटी केवल 25 प्रतिशत भुगतान जमा कर अपने घर का भौतिक कब्जा ले सकेंगे।एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए 30 जून से 2 जुलाई 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में तीन दिवसीय विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसमें पात्र आवंटियों से अनुबंध कर कब्जा देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।एलडीए के अनुसार बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में जुलाई 2025 और फरवरी 2026 में हुई लॉटरी के जरिए 1822 लोगों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए हैं। इन सभी लाभार्थियों को भी 25 प्रतिशत भुगतान कर मकान का कब्जा लेने का विकल्प मिलेगा।प्राधिकरण का कहना है कि इस पहल से हजारों परिवारों को जल्द अपने घर में रहने का मौका मिलेगा और किराए के मकानों पर निर्भरता कम होगी।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक आवास की कीमत 4.79 लाख रुपये तय है। लाभार्थी को पहले 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी, जिसके बाद रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कर कब्जा दिया जाएगा। बाकी रकम का भुगतान 84 मासिक किश्तों में सात वर्षों में किया जा सकेगा। किश्त करीब 5,428 रुपये प्रतिमाह होगी। इसके अलावा जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क और अन्य निर्धारित शुल्क अलग से जमा करने होंगे।