
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। विराटनगर चौकी के पीछे आरबीआई नाले पर अवैध रूप से निर्माण कर उसका प्रवाह बाधित किए जाने का मामला सामने आया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर क्षेत्रीय पार्षद अवधेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ तत्काल कार्रवाई कराते हुए नाले को खुलवाया। बताया गया कि एक निर्माणाधीन मकान के लिए नाले को बंद कर दिया गया था, जिससे पानी का बहाव रुक गया था और आसपास जलभराव की समस्या पैदा होने लगी थी।पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर सिंचाई विभाग के एक्सईएन तिवारी और जेई हरिओम को बुलाया।

उनके निर्देश पर जेसीबी मशीन की मदद से नाले में किए गए अवरोध को हटाया गया। जैसे ही नाला खुला, पानी का तेज बहाव शुरू हो गया और जमा पानी तेजी से निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने कहा कि सार्वजनिक नालों और जल निकासी मार्गों पर किसी भी तरह का अवैध अतिक्रमण या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
