news-details

पुरुषोत्तम पूर्णिमा पर वृंदावन-गोवर्धन में उमड़ा आस्था का सैलाब

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर रविवार को वृंदावन और गोवर्धन में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं, जबकि 21 किलोमीटर लंबा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया। "गिरिराज महाराज की जय" के जयघोषों से पूरा ब्रज क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। अनुमान है कि रविवार को 5 लाख से अधिक श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर पहुंचे, जबकि पिछले 24 घंटे में 10 लाख से ज्यादा भक्तों ने गोवर्धन परिक्रमा की।देश-विदेश से आए श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा के साथ ब्रज 84 कोसी और वृंदावन परिक्रमा भी कर रहे हैं। दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद, मानसी गंगा और जतीपुरा सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने दूध और जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की।भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था चुनौती बनी रही। परिक्रमा मार्ग पर अनियंत्रित ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, जबकि कुछ लोग बसों की छतों पर बैठकर गोवर्धन पहुंचते नजर आए। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी संख्या के चलते पूरे दिन भीड़ का दबाव बना रहा।