
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे लाल बहादुर शास्त्री द्वितीय वार्ड के लोगों का मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्र में लंबे समय से पानी की आपूर्ति बाधित रहने से नाराज नागरिकों ने पार्षद भूपेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में जलकल कार्यालय का घेराव किया और नगर निगम व जलकल विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन में शक्ति नगर तिकोनिया गार्डन और ए-ब्लॉक सचिवालय कॉलोनी के बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए। महिलाओं ने भी प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी करते हुए विभागीय अधिकारियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी के दौरान पानी जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध न होना लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है।घेराव के दौरान पार्षद भूपेंद्र कुमार शर्मा ने अधिकारियों को क्षेत्र की बदहाल जलापूर्ति व्यवस्था से अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति में लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम और जलकल विभाग की होगी।मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि जलापूर्ति संबंधी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट कर दिया कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।