
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम आवास विकास-1 में प्लॉट पर जबरन कब्जे के मामले में पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।आरोप है कि आरोपी ने विवादित प्लॉट पर कब्जा कर लिया था। मामले में भू-माफिया गजेंद्र सिंह नेगी की पत्नी प्रीति बाजपेयी की शिकायत पर करीब तीन माह पहले मुकदमा दर्ज कराया गया था।शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद आरोपी ने प्लॉट के हिस्से पर कब्जा कर लिया और बिजली कनेक्शन भी कटवा दिया।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बुधवार को जेल भेज दिया।रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।