news-details

पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, दोनों पालियों में 9,672 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। तीन दिवसीय परीक्षा के पहले दिन मथुरा जनपद में बनाए गए 16 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।पहले दिन दोनों पालियों में कुल 9,672 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2,830 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे।परीक्षा केंद्रों को 4 जोन और 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जिनकी निगरानी सीओ स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई। हर केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन शारीरिक जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। जूते-चप्पल तक बाहर उतरवाए गए और महिला अभ्यर्थियों से दुपट्टा भी बाहर जमा कराया गया।परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई—पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 3 से 5 बजे तक। पहली पाली में 4,781 अभ्यर्थी शामिल हुए जबकि 1,459 अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में 4,891 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1,349 अनुपस्थित रहे।जिला प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया था, जहां से सभी गतिविधियों पर नजर रखी गई। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को नियमित निरीक्षण और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।