
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 सितंबर को भगौतीपुर स्थित शेमफोर्ड फ्यूचरस्टिक के-12 स्कूल में न्यायिक मजिस्ट्रेट शालिनी त्यागी ने छात्र-छात्राओं को कानून की जानकारी दी।प्रार्थना सभा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति कानून की नजर में बच्चा है। बच्चों की सुरक्षा के लिए पॉक्सो एक्ट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान करने तथा किसी भी शोषण या असहज स्थिति में सतर्क रहने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि परेशानी होने पर अभिभावकों, शिक्षकों, पुलिस और विधिक सेवा संस्थाओं से मदद ली जा सकती है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने विद्यालय का भ्रमण कर कक्षाओं में वीडियो और ऑडियो के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंटिंग और अन्य गतिविधियों के जरिए भी बच्चों को जागरूक करने को कहा।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सौरभ कश्यप, उप-प्रधानाचार्य आदित्य चौधरी सहित विद्यालय स्टाफ और विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे।