news-details

पीईटी परीक्षा में सख्त चेकिंग, जूते-मोजे तक उतरवाए!

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का पहला चरण शुक्रवार को शहर में शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। नकल रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की गई। प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और आधार कार्ड का मिलान, मेटल डिटेक्टर से तलाशी और बायोमीट्रिक सत्यापन कराया गया। कई केंद्रों पर छात्र-छात्राओं के कान के कुंडल, बालियां, हेयर पिन, कलावा, चेन, घड़ी और बेल्ट तक उतरवा लिए गए। वहीं, छात्रों के जूते-मोजे भी खुलवाकर जांच की गई।शहर में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में 18,576 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे से ही केंद्रों पर प्रवेश शुरू कर दिया गया था। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों और परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सभी 21 केंद्रों की गतिविधियों पर नियंत्रण कक्ष से नजर रखी जा रही है। मोबाइल, घड़ी, सिक्के और ब्लूटूथ जैसी वस्तुओं को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर प्रतिबंध रहा। कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई।