
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। शहर के कानपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार सुबह अचानक अलार्म बजने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बैंक के अंदर से लगातार अलार्म की आवाज आने पर राहगीरों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह के निर्देशन में फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बैंक परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही बैंक अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैंक के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान बैंक परिसर में किसी प्रकार की आग, धुआं, चोरी अथवा अन्य अप्रिय घटना के कोई संकेत नहीं मिले। प्राथमिक जांच में सामने आया कि बैंक का अलार्म तकनीकी खराबी अथवा सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण सक्रिय हो गया था, जिससे वह लगातार बजता रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। जांच में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति नहीं पाई गई। उन्होंने कहा कि अलार्म बजने के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। घटना के दौरान कुछ समय के लिए बैंक के बाहर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी, लेकिन स्थिति स्पष्ट होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बैंक प्रशासन भी अलार्म सिस्टम में आई तकनीकी खराबी की जांच में जुट गया है।