
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया। कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की गई।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक कर राष्ट्र की उन्नति और प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व की कामना की।राज्यसभा सांसद बृजलाल ने तिवारीगंज स्थित इमली बांध बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिल्ली स्थित शुभ सिद्धि विनायक मंदिर में विशेष अनुष्ठान में भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा शहर के आठ प्रमुख मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने मंदिरों में पूजा-पाठ कर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति और विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रमों के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।