news-details

पीएम कर सकते हैं शिलान्यास, कानपुर-कासगंज रेल लाइन होगी एलीवेटेड

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर-कासगंज रेलवे लाइन को एलीवेटेड (ऊंचाई पर) बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी है और 75% जमीन अधिग्रहण पूरा होने के बाद शिलान्यास किया जाएगा। इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कानपुर आने की संभावना है।करीब 1100 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत मंधना से अनवरगंज के बीच 16 किमी लंबी एलीवेटेड लाइन बनाई जाएगी, जिससे IITK, कल्याणपुर, गुमटी और जरीब चौकी समेत 17 रेलवे क्रॉसिंग खत्म हो जाएंगी। इससे शहर के लगभग 5 लाख लोगों को जाम से राहत मिलेगी।परियोजना के तहत 146 साल पुराने रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशन बंद कर दिए जाएंगे। इनकी जगह विश्वविद्यालय के पास ‘अटल बिहारी बाजपेयी’ नाम से नया एलीवेटेड स्टेशन बनाया जाएगा।रेलवे के अनुसार, निर्माण के दौरान और बाद में ट्रेनों के संचालन में बदलाव होगा। फर्रुखाबाद और कासगंज की ओर से आने वाली कई ट्रेनें मंधना तक सीमित होंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को इटावा-कानपुर सेंट्रल रूट से डायवर्ट किया जाएगा। कुछ ट्रेनों को निरस्त करने पर भी विचार चल रहा है।अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद जीटी रोड पर ट्रैफिक सुगम होगा और शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

इन ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे

  • एलीवेटेड लाइन बनने के साथ ही करीब 20 ट्रेनों के रूट बदलने की तैयारी है।
  • कालिंदी एक्सप्रेस अब इटावा-कानपुर सेंट्रल रूट से चलाई जाएगी।
  • फर्रुखाबाद-अनवरगंज पैसेंजर मंधना तक सीमित होगी।
  • लखनऊ-साबरमती एक्सप्रेस का रूट भी बदला जाएगा।
  • छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की योजना है।
  • कुछ ट्रेनों को निरस्त करने पर भी विचार चल रहा है।