
भारतीय संविधान के अनुरूप शासन व्यवस्था बसपा का लक्ष्य
प्रयागराज।गुरुवार को प्रतापपुर में बसपा की सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठक और कैडर कैम्प का आयोजन किया गया। कैडर कैम्प को मुख्य मंडल प्रभारी राजू गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने बहुजन महापुरुषों के साथ आत्मसम्मान और स्वाभिमान के आंदोलन के जनक और महान समाज सुधारक पेरियार रामा स्वामी नायकर को भी वाणी के श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि बहन मायावती जी ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में प्रदेश की राजधानी लखनऊ को पेरिस की तरह सजाने का काम किया और लखनऊ और नोएडा में ऐतिहासिक स्मारकों का निर्माण कराकर बहुजन महापुरुषों के इतिहास को जीवंत करने का काम किया। कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम साहब की पुण्यतिथि पर 9अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।राजू गौतम ने सुश्री मायावती के चार बार के मुख्यमंत्रित्व काल की उपलब्धियों का गुणगान किया और कहा कि सपा और भाजपा की कार्यप्रणाली से दुःखी प्रदेश की जनता बहन मायावती जी के शासन की याद कर रही है।बहन मायावती के शासन काल की चर्चा विदेशों में भी होती है। अच्छा शासन और अच्छा काम बीएसपी की पहचान है। बहुजन समाज पार्टी हर हाथ को काम और हर व्यक्ति की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी देती है।सम्मेलन में मुख्य अतिथि बसपा के प्रयागराज मंडल मुख्य जोन इंचार्ज राजू गौतम रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल प्रभारी चिंतामणि वर्मा ने की।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजू गौतम ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीडीए के नाम पर राजनीति करने वाली सपा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के हितों और सामाजिक न्याय की लड़ाई बसपा लगातार लड़ती रही है।राजू गौतम ने सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौरान प्रदेश में बड़ी संख्या में दंगे औरसाम्प्रदायिक घटनाएं हुईं, जिससे आम आदमी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं करता था। उन्होंने दावा किया कि सपा शासन में कानून-व्यवस्था को लेकर जनता के बीच असुरक्षा का माहौल बना रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान महापुरुषों के नाम से जुड़े कई स्थानों के नाम हटाने का काम किया गया। राजू गौतम ने कहा कि आज संविधान की बात की जा रही है, जबकि बसपा ने हमेशा संविधान और उसके मूल्यों को सम्मान देने का काम किया है।बसपा नेता ने सपा के कार्यकाल में ठेकेदारी में आरक्षण खत्म किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और आरक्षण की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बसपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाना जरूरी है।राजू गौतम ने कार्यकर्ताओं से मिशन-2027 को लेकर गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा।सम्मेलन में राजेश तिवारी, अशोक कुमार, सर्वेश पाण्डेय समेत बसपा के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सेक्टर एवं बूथ कमेटियों को सक्रिय करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई।