पंचायत भवन के ‘हाईटेक’ खेल की मौके पर खुली पोल
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। रामकोला विकासखंड की ग्रामसभा कठघरही में पंचायत भवन को फॉर सीलिंग कर हाईटेक बनाने के नाम पर लाखों रुपये के भुगतान को लेकर शिकायत के बाद मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं बीडीओ के प्रभार में तैनात मयंक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली और एडीओ पंचायत प्रदीप मल्ल से तत्काल रिपोर्ट तलब की।क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष चौरसिया ने ग्रामीणों के साथ शिकायत कर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान सोनी देवी पत्नी पंकज चौरसिया के कार्यकाल में पंचायत भवन के आधुनिकीकरण के नाम पर महीनों पहले लाखों रुपये का भुगतान कराया गया, जबकि मौके पर अपेक्षित कार्य दिखाई नहीं दे रहा है।जांच के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने भुगतान संबंधी बाउचर लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज चौरसिया से भुगतान के सापेक्ष कराए गए कार्यों की जानकारी मांगी। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मामले की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।ग्राम विकास अधिकारी नवनीत राव ने बताया कि विवादित भुगतान उनकी तैनाती से पहले तत्कालीन सचिव राजेश यादव के कार्यकाल में हुआ था। अब जांच रिपोर्ट से ही भुगतान और कार्य की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।