
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बांदा के पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में महिला छात्रावास का संचालन समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का पांच दिन से चल रहा आंदोलन शुक्रवार को प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। पांचवें दिन जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्वयं अभाविप कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लिया और मांगों के समाधान के लिए समयसीमा निर्धारित की।अभाविप ने 17 वर्षों से निर्मित महिला छात्रावास को संचालित करने, जर्जर भवनों की मरम्मत, खेल मैदान में बाउंड्रीवाल निर्माण, खेल सामग्री की जांच, पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने, परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण, प्रसाधन व्यवस्था तथा नियमित कक्षाओं के संचालन की मांग उठाई थी। प्रशासन की ओर से महिला छात्रावास को 1 नवंबर तक शुरू कराने, प्रशासनिक एवं अन्य समितियों का गठन 4 अक्टूबर तक और समय-सारिणी का प्रदर्शन 7 अक्टूबर तक कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रसाधन और कक्षाओं की व्यवस्था 17 अक्टूबर तथा परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण 25 अक्टूबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है। खेल सामग्री की जांच और आवश्यक कार्रवाई 3 नवंबर तक, जबकि खेल मैदान की बाउंड्रीवाल का निर्माण तीन माह के भीतर कराने का आश्वासन दिया गया है।अभाविप के जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की मूलभूत और शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए पांच दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया। प्रशासन की ओर से लिखित समयसीमा मिलने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिषद निर्धारित समय में सभी कार्य पूरे होने की अपेक्षा करती है और विद्यार्थियों के हित में संवाद जारी रखेगी।इस दौरान शिवम पांडेय, सुभाष त्रिपाठी, कमल रंजन, अभिषेक अग्रहरि, राहुल द्विवेदी, गोविंद तिवारी, स्नेहा नामदेव, अभय साहू, रामेन्द्र शर्मा, शैलेन्द्र दीक्षित, प्रवीण त्रिवेदी, ओम सिंह, अक्षय मिश्रा, अभय सोनी, अंश पुष्पक, प्रतिभा सोनी, युवराज सिंह, अम्मू अवस्थी, हर्ष, दुर्गेश, शिवम, निखिल, सुरभि, शिवम रैकवार, शैलेंद्र लोधी, अंशिका, समीर सिंह, पूनम, प्रीति, रूपाली, रीता और हिमांशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।