
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) कानपुर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष आर.के. अग्रवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।उद्यमियों ने इस्पात नगर और व्यापार नगर की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि गहरे गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। इससे औद्योगिक इकाइयों तक कच्चा माल पहुंचाने और तैयार उत्पादों के परिवहन में परेशानी होती है। श्रमिकों और वाहन चालकों को भी जोखिम का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने भौती-भीमसेन मार्ग पर नाले के अभाव में होने वाले जलभराव की समस्या भी रखी। उद्यमियों के अनुसार, पानी भरने से उद्योगों के संचालन, मशीनों और माल की सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ता है।आईआईए सदस्यों ने इस्पात नगर और व्यापार नगर में नालियों सहित सड़कों के निर्माण तथा भौती-भीमसेन मार्ग पर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित कराने का आग्रह किया।जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान के लिए गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कार्य में कुछ समय लग सकता है, लेकिन गुणवत्ता और टिकाऊपन का पूरा ध्यान रखा जाएगा।प्रतिनिधिमंडल में सुनील वैश्य, जय हेमराजानी, दिनेश बरासिया, नवीन खन्ना, हर्षल अग्रवाल, विक्रांत अग्रवाल, विशाल नड्डा, संकल्प राजपाल और आनंद भाटिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।