
Pardarshi Vikas News Auraiya
जनपद के भाग्यनगर क्षेत्र स्थित औतों गांव में तीन दिवसीय राधा-कृष्ण मंदिर प्रतिष्ठापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हो गया। धार्मिक अनुष्ठानों, शोभायात्रा और विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धर्ममय वातावरण बनाया।
मंदिर के सर्वराकार महेश चतुर्वेदी ने अपने परिवार के सहयोग और पूर्वजों के आशीर्वाद से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया है। मंदिर में भगवान नारायण, राधा-कृष्ण, भगवान गणेश और श्री हनुमान जी की मूर्तियों की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की गई। पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के पहले दिन कलश पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। इसके बाद भगवान का अन्न, फल, फूल और मिठाइयों से अधिवास कराया गया। दूसरे दिन शाम को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्तियों का महास्नान कराया गया और भगवान को शयन कराया गया।
तीसरे दिन सुबह भगवान का विशेष श्रृंगार कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद नई मंदिर परिसर में सभी देव प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई। आरती और भोग के बाद कन्या पूजन संपन्न हुआ।
धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुमन चतुर्वेदी ने बताया कि मंदिर स्थापना दिवस अब हर वर्ष 23 अप्रैल को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
आयोजन की व्यवस्था में चतुर्वेदी परिवार के उमा, अतुल, आलोक, संजय, विजय, कपिल, प्रवीण, अर्चित, प्रफुल्ल, पायल, मेघा और राखी सहित सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।