
PARDARSHI VIKASH NEWS विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें ‘जीवनधारा पौधारोपण अभियान’ की घोषणा की गई। इस अभियान के तहत कुल 5100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम 5 जून 2026 को आवास विकास कॉलोनी स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित हुआ।गोष्ठी का संयुक्त आयोजन समाजसेवी संगठन ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति औरैया’ और वन विभाग-जिला गंगा समिति औरैया द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वयोवृद्ध रामेश्वर दयाल गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद औरैया के अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डिप्टी रेंजर डी.एस. गौतम, परियोजना अधिकारी साक्षी शुक्ला और सफाई निरीक्षक आशीष पांडे उपस्थित रहे। अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक पार्कों और अन्य स्थानों पर निःशुल्क पौधारोपण किया जाएगा।मुख्य अतिथि अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण और जीवन एक-दूसरे पर निर्भर हैं तथा पेड़-पौधों से ही हमें प्राणवायु प्राप्त होती है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बढ़ते तापमान और पर्यावरण असंतुलन पर चिंता जताई और अधिक से अधिक पौधारोपण की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और जनमानस को जागरूक करने की शपथ भी ली।