news-details

नवरात्रि-दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  उन्नाव। नवरात्रि और दशहरा सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण करने तथा सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। एसपी ने मूर्ति पंडालों में 24 घंटे पुलिस ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा डीजे और मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए।

सफाई, बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
नगर निकायों को साफ-सफाई, फॉगिंग, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था बेहतर रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और जर्जर तारों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाने को भी कहा गया।बैठक में रामलीला आयोजकों और गणमान्य नागरिकों ने सुझाव रखे। डीएम ने समस्याओं के समयबद्ध समाधान का भरोसा दिया।