news-details

नवागत डीएम ने योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। नवागत जिलाधिकारी संजय चौहान ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया। उन्होंने विभागवार योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।कृषि विभाग की समीक्षा में डीएम ने महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निर्माण और भौतिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं के प्रवेश एवं शैक्षणिक संचालन की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। फार्मर रजिस्ट्री और उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए पर्याप्त खाद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।शिक्षा विभाग को विद्यालयों में साफ-सफाई, स्वच्छता और रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील उपलब्ध कराने को कहा गया। विद्यालय परिसरों में जलभराव नहीं होने देने के निर्देश भी दिए। पशुपालन विभाग की समीक्षा में गोवंशों के पंजीकरण, जियो-ट्रैकिंग और गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया।आबकारी विभाग को राजस्व लक्ष्य पूरा करने के साथ अवैध और कच्ची शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को पीएचसी और सीएचसी में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार आपूर्ति और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश मिले।डीएम ने धान खरीद की तैयारियों, खाद्यान्न भंडारण, अन्नपूर्णा भवनों, चकबंदी मामलों और मत्स्य पट्टों की भी समीक्षा की। जल जीवन मिशन में हैंडओवर की कार्रवाई पूरी कराने तथा आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूहों के गठन, प्रेरणा कैंटीन और प्लास्टिक वेस्ट से उपयोगी उत्पाद तैयार करने के लिए प्रशिक्षण एवं बैंक ऋण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विकास कार्यों में तेजी लाना प्राथमिकता होनी चाहिए।