
Pardarshi Vikas News Etawah
लखना नगर पंचायत कार्यालय में मासिक बोर्ड बैठक चेयरमैन गणेश शंकर पोरवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए नगरवासियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी।
बैठक में प्रभारी अधिशाषी अधिकारी श्यामवचन सरोज और सभासदों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। नगर की खराब पड़ी प्रकाश व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने, पानी की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने तथा नाला-नालियों और सड़कों की साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में नगर के अन्य विकास कार्यों, मरम्मत योजनाओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभासदों ने क्षेत्रीय समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
बैठक में कई सभासदों के साथ नगर पंचायत कर्मचारी भी मौजूद रहे। अंत में नगर को स्वच्छ, सुचारु और सुविधायुक्त बनाने के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।