news-details

नगर निगम से नाराज दिव्यांग बुजुर्ग धरने पर बैठे

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। नगर निगम की समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज दिव्यांग बुजुर्ग प्रदीप श्रीवास्तव शनिवार को लालबंगला स्थित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। पनकी के रतनपुर निवासी प्रदीप का आरोप है कि वह छह महीने से नगर निगम और विधानसभा अध्यक्ष के आवास के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई। भारत दिव्यांग सेवा के संस्थापक प्रदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, 29 नवंबर को प्रमिला सभागार में ग्लोबल कॉरपोरेशन का वार्षिक अधिवेशन प्रस्तावित है, लेकिन नगर निगम इसकी अनुमति नहीं दे रहा है। वहीं, जीटी रोड स्थित द्वारिकापुरी में विश्व दिव्यांग दिवस के कार्यक्रम स्थल के आसपास गंदगी, अतिक्रमण और आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ। प्रदीप का कहना है कि पहले विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत करने पर आश्वासन मिला था, लेकिन समस्याएं दूर नहीं हुईं। शनिवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ धरना शाम तक जारी रहा। पुलिस उन्हें समझाकर चौकी ले गई, लेकिन लौटने के बाद वह दोबारा धरने पर बैठ गए। विधानसभा अध्यक्ष के पीआरओ आशीष शर्मा उर्फ शानू शर्मा ने बताया कि वह मौके पर पहुंचे और प्रदीप को समझाने का प्रयास किया। उनके मुताबिक, नगर निगम से संबंधित मामले में बातचीत भी हुई है। हालांकि, प्रदीप ने समस्याओं के समाधान का ठोस आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखने की बात कही।