
Pardarshi Vikas News Kanpur
स्मार्ट सिटी की दौड़ में शामिल कानपुर में नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। गोविंद नगर क्षेत्र में ठीक-ठाक नाली को तोड़कर दोबारा बनवाने और जर्जर नाली को नजरअंदाज करने का मामला सामने आया है। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है। नागरिकों ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार, सरकारी धन की बर्बादी और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
मामला गोविंद नगर दक्षिण क्षेत्र के नंदलाल चौराहा से चावला मार्केट चौराहा तक जाने वाली ब्लॉक-8 पट्टी का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां की नाली कई वर्षों से जर्जर हालत में है। जगह-जगह धंसने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है। ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं। आसपास के मकानों की नींव पर भी खतरा मंडरा रहा है।
क्षेत्रीय व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत की गई। क्षेत्रीय विधायक महेश त्रिवेदी की अनुशंसा के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। IGRS पोर्टल पर शिकायत के जवाब में अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि विद्यार्थी मार्केट पट्टी का कार्य पूरा होने के बाद ब्लॉक-8 की नाली का निर्माण कराया जाएगा।
लोगों का आरोप है कि विद्यार्थी मार्केट क्षेत्र की नाली पहले से ठीक थी, फिर भी उसे तोड़कर दोबारा बनवा दिया गया, जबकि वास्तविक जरूरत वाले क्षेत्र को छोड़ दिया गया। व्यापारियों ने इसे कमीशनखोरी और बजट खपाने की कार्रवाई बताया है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ब्लॉक-8 पट्टी की नाली निर्माण शुरू नहीं हुआ तो नगर निगम मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल व एंटी करप्शन ब्यूरो से की जाएगी।