
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। रविवार को जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने तहसील अमेठी सभागार में आयोजित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों को दी जा रही जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से प्राप्त करें तथा जनगणना के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परिवारों से प्राप्त होने वाली प्रत्येक जानकारी को पूरी सावधानी एवं स्पष्टता के साथ निर्धारित प्रारूप में दर्ज किया जाए। आंकड़ों के संकलन में किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि न होने पाए तथा कोई भी आवश्यक जानकारी छूटने न पाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक सूचनाएं प्राप्त करने, निर्धारित प्रारूप में विवरण दर्ज करने तथा गणना के दौरान महत्वपूर्ण बिंदुओं का ध्यान रखने के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यवेक्षकों को प्रगणकों के कार्यों की नियमित निगरानी करने, कार्य में आने वाली समस्याओं का समाधान कराने तथा निर्धारित समयसीमा में गणना कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना की अवधि पूरी होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान वे परिवारों से निर्धारित प्रश्नों के अनुसार जानकारी प्राप्त कर उसका नियमानुसार संकलन करेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक कार्मिक जनगणना की प्रक्रिया, अपने दायित्वों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों से भली-भांति परिचित हो। उन्होंने आमजन को भी स्वगणना के प्रति जागरूक करने तथा जनगणना कार्य में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ निर्धारित समयसीमा में संपन्न कराया जाए, ताकि जनपद में गणना संबंधी सभी गतिविधियां सुचारु रूप से पूरी हो सकें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अमेठी अभिनीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।