news-details

नीट-यूजी 2026 में अनियमितताओं के विरोध में अभाविप का प्रदर्शन, एनटीए पर उठाए सवाल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKAS NEWS KANPUR
नीट-यूजी 2026 परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कानपुर महानगर द्वारा काकादेव स्थित न्यू स्पीड कोचिंग चौराहे पर विशाल प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “पेपर माफियाओं को गिरफ्तार करो” और “एनटीए जवाब दो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है और लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा कर दिया है।अभाविप के प्रदेश मंत्री दिनेश यादव ने कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसी घटनाएं उनकी मेहनत को निरर्थक बना रही हैं। उन्होंने कहा कि नीट-यूजी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में अनियमितताओं का सामने आना बेहद गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि परीक्षा माफियाओं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित शुक्ला ने कहा कि आज देश का युवा अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता का प्रश्न है। यदि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता नहीं होगी तो छात्रों का भरोसा संस्थाओं से उठने लगेगा।प्रांत सहमंत्री मयंक पासवान ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रहित और शिक्षा की गरिमा की रक्षा के लिए आवाज उठाती रही है। वहीं महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए और परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित बनाया जाए।प्रदर्शन में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन, आशुतोष तिवारी, हर्षित पांडेय, कृष्णा भदौरिया, मानस यादव, मयंक चौहान, अनुराग, एल्विन और आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“देश का हर विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। ऐसे में नीट-यूजी 2026 में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों का विश्वास तोड़ा है। यह केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। हम मांग करते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की जवाबदेही तय हो और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। अभाविप विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।”-प्रदेश मंत्री दिनेश यादव