
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। हाटा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को राज्य संदर्भदाता राम प्रकाश पांडेय ने अनुश्रवण कर शैक्षिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय वृत्ति टोला, तमासपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय तुर्कवलिया दरियाव सिंह और प्राथमिक विद्यालय तुर्कवलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की कार्यपुस्तिकाओं का अवलोकन किया और शिक्षकों को नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए। आगामी निपुण आकलन को देखते हुए उन्होंने निपुण प्लस ऐप के माध्यम से सभी बच्चों का आकलन करने तथा सीखने में पीछे रह रहे विद्यार्थियों को चिह्नित कर कैचअप शिक्षण योजना के तहत पढ़ाने पर जोर दिया।राम प्रकाश पांडेय ने रीडिंग कैंपेन की गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करने और बच्चों में पढ़ने के प्रति रुचि विकसित करने की बात कही। उन्होंने विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण बनाने, बाल वाटिका कक्षाओं का नियमित संचालन करने और शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक बच्चे की प्रगति पर ध्यान देने और आपसी समन्वय के साथ निर्धारित निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया।