
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के मया-टांडा फोरलेन पर निर्माण कार्य में लगी ओवरलोड ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रॉलियों में निर्धारित क्षमता से दो से तीन गुना अधिक ईंटें लादकर तेज रफ्तार में दौड़ाया जा रहा है, जिससे लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। निर्माण कार्य में करीब 150 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात संचालित हो रही हैं, जबकि 1500 से 2000 ईंटों की क्षमता वाली ट्रॉलियों में 4000 से 5000 ईंटें तक लादी जा रही हैं। ओवरलोडिंग के कारण कई बार ट्रॉलियां पलट चुकी हैं और अन्य वाहनों को भी टक्कर मार चुकी हैं। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि चालक तेज आवाज में अश्लील गाने बजाते हुए गुजरते हैं, जिससे महिलाओं और छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। पिछले 20 दिनों में इस मार्ग पर पांच बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ओवरलोडिंग से नई फोरलेन सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है और उड़ती धूल से लोगों में सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं गोसाईगंज कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।