
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह बकेवर थाना क्षेत्र के परसूपुरा के पास मवेशियों से भरा लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना में लोडर में लदे करीब दस मवेशियों की भी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, राजस्थान से मवेशी खरीदकर इलाहाबाद बेचने जा रहे व्यापारी हादसे का शिकार हुए। परसूपुरा के पास अचानक लोडर का पिछला टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।हादसे के समय लोडर के ऊपर बैठे चार युवकों में से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय रिंकू पुत्र राधेश्याम निवासी एटा के रूप में हुई है।घटना में राजेश, श्यामू, राकेश, मोनू, ऋषभ, अनिल और लोडर चालक सोमेश घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से इटावा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।घायल राजेश ने बताया कि सभी लोग मवेशी व्यापार से जुड़े हैं और राजस्थान से मवेशी लेकर इलाहाबाद जा रहे थे। रास्ते में टायर फटने से वाहन पलट गया।जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ओमकांत राजपूत ने बताया कि एक युवक को मृत अवस्था में लाया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।