news-details

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान

You can share this post!

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फार्म-6 से करें आवेदन, संशोधन के लिए फार्म-8 का होगा इस्तेमाल

 

 

कुशीनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया है। इसके तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और विवरण में संशोधन कराने का अवसर मिलेगा।उप जिलाधिकारी/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को जमा करें।उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, आयु, लिंग, फोटो और पते में संशोधन के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा। ये फार्म बीएलओ के पास उपलब्ध हैं। नागरिक निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।चार दिन बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओदावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे।निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। नाम नहीं होने पर फार्म-6 भरें और विवरण में त्रुटि होने पर फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।