
70 किमी में मिले थे करीब 3 हजार गड्ढे, एनएचएआई ने शुरू कराया काम, राहगीरों को मिलेगी राहत
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर 70 किलोमीटर के सफर में करीब 3 हजार गड्ढे मिलने की खबर के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों में सड़क निर्माण और गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने एक सप्ताह में हाईवे को गड्ढामुक्त कराने का दावा किया है। निर्माण कार्य शुरू होने से राहगीरों और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।हमीरपुर स्थित यमुना पुल से नौबस्ता तक करीब 70 किलोमीटर की सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे मिले थे। दुर्गा देवी मोड़, रामपुर, अनूपुर मोड़, हमीरामऊ, अज्योरी, सजेती, गुजेला, घाटमपुर चौराहा, पतारा और रिंद नदी के आसपास सड़क की हालत खराब थी। शंभूहा ओवरब्रिज पर सौ से अधिक गड्ढे मिले थे, जबकि कठेरुआ में करीब 500 मीटर तक सड़क क्षतिग्रस्त थी। बिधनू नहर पुल से कस्बे और मछारिया से नौबस्ता के बीच भी जगह-जगह गड्ढे थे। इसके चलते 70 किलोमीटर का सफर तय करने में वाहन चालकों को ढाई घंटे तक लग रहे थे।हाईवे की बदहाली को लेकर घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने भी एनएचएआई अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए जल्द मरम्मत कराने को कहा था।घाटमपुर निवासी सत्यम सिंह चौहान और पतारा निवासी शिवांग त्रिवेदी ने बताया कि उन्हें रोजाना इस हाईवे से गुजरना पड़ता है। गड्ढों के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी। अब मरम्मत शुरू होने से राहत की उम्मीद है।एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज ने बताया कि हाईवे पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। क्षतिग्रस्त हिस्सों में सड़क निर्माण और गड्ढों को भरने का कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही हाईवे को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा।